सपा विधायक प्रभु नारायण यादव ने घर जाकर किया सम्मानित

अशोक कुमार जायसवाल
मुगलसराय सकलडीहा विधानसभा क्षेत्र के टेकापुर डैना निवासी बृजेंद्र शरण त्रिपाठी ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) परीक्षा में 47वीं रैंक हासिल की है। उन्हें असिस्टेंट कमिश्नर वाणिज्य कर के पद पर चयनित किया गया है। इस उपलब्धि पर सपा विधायक प्रभु नारायण यादव ने मुगलसराय स्थित उनके आवास पर पहुंचकर उन्हें सम्मानित किया।
बृजेंद्र शरण त्रिपाठी शिक्षा विभाग में लिपिक के पद पर तैनात गणेश त्रिपाठी के पुत्र हैं। विधायक प्रभु नारायण यादव ने मुगलसराय के जयसवाल स्कूल के पास लॉट नंबर दो स्थित उनके आवास पर अंगवस्त्र और माल्यार्पण कर उन्हें सम्मानित किया।
इस अवसर पर विधायक यादव ने कहा कि बृजेंद्र शरण त्रिपाठी ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन से यह सफलता हासिल की है। उन्होंने अन्य युवाओं को भी इनसे प्रेरणा लेकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

पीसीएस अधिकारी बृजेंद्र शरण त्रिपाठी ने विधायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सदन में छात्रों के मुद्दों पर विधायक की मुखरता सभी विद्यार्थियों को बल देती है। उन्होंने विधायक द्वारा जनपद में मेडिकल कॉलेज, भूपौली पंप कैनाल, सड़क और कृषि संबंधी समस्याओं को पुरजोर तरीके से उठाने की भी सराहना की।

इस मौके पर पूर्व चेयरमैन मुसाफिर चौहान, पूर्व खाद्य ग्राम उद्योग बोर्ड के सदस्य संतोष यादव, औसाफ अहमद, सपा नेता संतोष मिश्रा, पूर्व सभासद विनय यादव डब्बू, विनीत दुबे, डॉ. आदि और सभासद अमित खरवार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।