
मुगलसराय केंद्रीय जलशक्ति राज्य मंत्री डॉ. राज भूषण चौधरी ने चंदौली दौरे के दौरान मुगलसराय में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर बयान दिए। मुजफ्फरपुर से सांसद डॉ. चौधरी ने भदोही सांसद के आवास पर मीडिया से बातचीत में बिहार के नए मुख्यमंत्री, ईरान-इजरायल तनाव और देश में एलपीजी आपूर्ति जैसे विषयों पर अपनी राय रखी।

डॉ. चौधरी ने ईरान-इजरायल तनाव को एक वैश्विक संकट बताया, जिससे पूरी दुनिया प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार प्रयास कर रहे हैं कि इसका असर भारत पर न्यूनतम रहे। मंत्री ने स्वीकार किया कि वैश्विक स्तर पर तेल और गैस के स्रोतों के प्रभावित होने से कुछ असर पड़ना स्वाभाविक है, लेकिन केंद्र सरकार पूरी तरह सतर्क है और आम जनता को बड़ी परेशानी से बचाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।

एलपीजी आपूर्ति को लेकर उठ रही चिंताओं पर केंद्रीय मंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में जो थोड़ी-बहुत समस्या है, उसे विपक्ष बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर रहा है। डॉ. चौधरी ने कहा कि लोगों को भ्रमित कर गैस सिलेंडरों की अनावश्यक स्टॉकिंग कराई जा रही है। उन्होंने दावा किया कि कुछ विपक्षी नेताओं के यहां बड़ी संख्या में सिलेंडर बरामद हुए हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि राजनीतिक लाभ के लिए माहौल खराब करने की कोशिश की जा रही है।
बिहार में नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाओं पर डॉ. चौधरी ने कहा कि राज्य का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इसका फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह सहित पार्टी नेतृत्व करेगा।

आगामी 2027 के चुनावों को लेकर मंत्री ने विश्वास जताया। उन्होंने कहा कि सरकार ने कानून व्यवस्था में सुधार किया है, जिससे प्रदेश में अमन-चैन का माहौल बना है। इससे निवेश बढ़ा है और लोगों का जीवन स्तर बेहतर हुआ है। डॉ. चौधरी ने विश्वास व्यक्त किया कि 2027 में भारतीय जनता पार्टी एक बार फिर मजबूत वापसी करेगी।
रवि कुमार, गोंड आकाश,कुमार, सोम कुमार बिंद ,सुनील यादवइं द्रजीत गोंड, आदि लोग उपस्थित रहे।
