[smartslider3 slider="2"]

बेमौसम बारिश का कहर, गेहूं की फसल पर संकट गहराया

Connect With Social Media

चंदौली। जनपद में शुक्रवार दोपहर अचानक बदले मौसम ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। गेहूं की कटाई के पीक सीजन के बीच हुई बेमौसम बारिश और तेज आंधी ने फसल को व्यापक नुकसान पहुंचाया है। इससे न केवल कटाई और मड़ाई का कार्य प्रभावित हुआ है, बल्कि किसानों की आर्थिक चिंता भी बढ़ गई है।
पिछले तीन दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ था। धूप के बीच आसमान में बादलों की मौजूदगी बनी हुई थी, जिससे बारिश के संकेत मिल रहे थे। शुक्रवार सुबह हल्की धूप निकली, लेकिन दोपहर करीब 2 बजे के बाद अचानक तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। तेज हवाओं के चलते कई जगह पेड़ गिर गए, जिससे आवागमन बाधित हुआ। वहीं विद्युत खंभों के गिरने से कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति भी ठप हो गई।
कृषि प्रधान जनपद चंदौली में इस समय गेहूं की कटाई का काम युद्ध स्तर पर चल रहा था। किसान अपनी फसल को सुरक्षित खलिहान और घरों तक पहुंचाने में जुटे थे, लेकिन अचानक हुई बारिश ने उनकी मेहनत पर असर डाल दिया। खेतों में खड़ी और कटी हुई फसल भीगने से दाने काले पड़ने की आशंका है, जिससे उपज की गुणवत्ता प्रभावित होगी और बाजार में उचित मूल्य मिलना मुश्किल हो सकता है।
मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह के अनुसार, आने वाले दिनों में भी मौसम का यही उतार-चढ़ाव जारी रहने की संभावना है। ऐसे में किसानों को सतर्क रहने और फसल की सुरक्षा के लिए आवश्यक उपाय करने की सलाह दी गई है।
बेमौसम बारिश ने एक बार फिर किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं, जिससे उनकी मेहनत और आमदनी दोनों पर संकट मंडराने लगा है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!