
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) में डीडीयू जंक्शन के रेल कर्मियों के लिए राहत भरी खबर है। जून के दूसरे सप्ताह से यहां स्थित 17 रेलवे कॉलोनियों के लगभग 4000 आवासों में पाइपलाइन के जरिए रसोई गैस (पीएनजी) की आपूर्ति शुरू की जाएगी। यह पहल रसोई गैस की बढ़ती किल्लत के बीच कर्मचारियों को सुरक्षित और किफायती विकल्प प्रदान करेगी।
गैस किल्लत के बीच 17 कॉलोनियों में शुरू होगी आपूर्ति
डीआरएम उदय सिंह मीना ने बताया कि वर्तमान गैस संकट को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। उन्होंने जानकारी दी कि एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) के तहत रेलवे कॉलोनियों में पाइपलाइन बिछाने का कार्य तेजी से चल रहा है, जिससे रेल कर्मियों को सीधे उनके घरों में गैस उपलब्ध कराई जा सके।
उन्होंने यह भी बताया कि पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) एलपीजी के मुकाबले अधिक सुरक्षित और सस्ती होती है। इस सुविधा के शुरू होने से लगभग 4000 रेलवे क्वार्टरों में रहने वाले कर्मचारियों को बड़ा लाभ मिलेगा। इससे गैस सिलेंडर की झंझट खत्म होगी और समय व पैसे की बचत भी होगी।