
अलीनगर (चंदौली)- नियमताबाद क्षेत्र स्थित ग्राम सभा धपरी में हनुमान जयंती का पर्व मनाया गया। धर्मपुरी धपरी के प्राचीन मूछ वाले हनुमान जी के मंदिर में सुबह से देर शाम तक श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। मंदिर परिसर में देर शाम विशेष पूजा-अर्चना, हवन और रामायण कथा का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर भक्तों ने विधि-विधान से हनुमान जी की आराधना की। मंदिर परिसर ‘जय श्री राम’ और ‘बजरंगबली’ के जयकारों से गूंज उठा। रामायण कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं ने प्रभु श्रीराम और हनुमान जी के आदर्शों को आत्मसात करने का संदेश प्राप्त किया।

प्रतिवर्ष की परंपरा का पालन करते हुए, इस बार भी हनुमान जी की रथ यात्रा निकाली गई। इस यात्रा ने पूरे गांव का भ्रमण किया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया और हनुमान जी से सुख, शांति तथा समृद्धि की कामना की। पूरे आयोजन के दौरान गांव में धार्मिक और आध्यात्मिक माहौल बना रहा।