[smartslider3 slider="2"]

UPPCS 2026 में कंचन गुप्ता ने मारी बाजी, 9वीं रैंक हासिल कर बनीं असिस्टेंट कमिश्नर

Connect With Social Media


मुगलसराय की प्रतिभाशाली छात्रा कंचन गुप्ता ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPCS) 2026 परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 9वीं रैंक हासिल की है। इस उपलब्धि के साथ उनका चयन असिस्टेंट कमिश्नर (वाणिज्य कर) पद पर हुआ है। उनकी सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
गुरुवार को शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर स्थित कृष्णा कॉलोनी में उनके आवास पर पहुंचकर कंचन गुप्ता को सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान परिवार के सदस्यों को भी बधाई दी गई।
कंचन गुप्ता, विकासखंड चकिया के प्राथमिक विद्यालय मैनपुर में तैनात प्रधानाध्यापक नरेश कुमार गुप्ता की पुत्री हैं। साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि से आने वाली कंचन ने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है।
उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा केंद्रीय विद्यालय, मुगलसराय से पूरी की और वर्ष 2022 में बनारस हिंदू विश्वविद्यालय, वाराणसी से अर्थशास्त्र (ऑनर्स) में स्नातक किया। कंचन शुरू से ही मेधावी रही हैं और उन्होंने अपने दूसरे प्रयास में ही प्रशासनिक सेवा में चयनित होकर अपने सपनों को साकार कर दिखाया।


इस अवसर पर शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष अजय कुमार गुप्ता ने कहा कि कंचन की सफलता पूरे बेसिक शिक्षा परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि कंचन आगे चलकर यूपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण कर आईएएस बनकर देश की सेवा करेंगी।
गौरतलब है कि हाल ही में शिक्षक शैलेश गुप्ता के पुत्र मृत्युंजय गुप्ता ने भी यूपीएससी परीक्षा में सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
सम्मान समारोह में अनिल प्रताप यादव, अशोक प्रजापति, जितेंद्र राम, मनोज जायसवाल, कमलेश गुप्ता, माया प्रसाद गौड़, सुशील कुमार, जयप्रकाश चौहान और गजानंद यादव सहित कई शिक्षक मौजूद रहे।
कंचन गुप्ता की यह सफलता न सिर्फ उनके परिवार बल्कि पूरे जनपद के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!