[smartslider3 slider="2"]

सकलडीहा में गेहूं खरीद केंद्र बंद: किसानों में आक्रोश, आंदोलन की चेतावनी

Connect With Social Media


चंदौली जनपद के सकलडीहा क्षेत्र में किसानों की परेशानियां एक बार फिर बढ़ गई हैं। नईबाजार स्थित गेहूं क्रय केंद्र, खरीद शुरू होने के महज दो दिन बाद ही बंद हो जाने से किसानों में भारी नाराजगी है। आक्रोशित किसानों ने केंद्र प्रभारी पर मनमानी का आरोप लगाते हुए जल्द व्यवस्था दुरुस्त न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
दरअसल, शासन के निर्देश पर 30 मार्च से गेहूं खरीद प्रक्रिया शुरू की गई थी। लेकिन सकलडीहा क्षेत्र के नईबाजार क्रय केंद्र के अचानक बंद होने से किसान अपनी उपज बेचने को लेकर असमंजस की स्थिति में हैं। दूर-दराज से ट्रैक्टर-ट्रॉली में गेहूं लेकर पहुंचे किसानों को मायूस होकर वापस लौटना पड़ रहा है।
किसानों का आरोप है कि यह कोई पहली बार नहीं है। इससे पहले धान खरीद के दौरान भी इसी तरह की लापरवाही और मनमानी का सामना करना पड़ा था, जिसके चलते उन्हें मजबूरी में अपनी फसल औने-पौने दामों पर बेचनी पड़ी थी। अब गेहूं खरीद में भी वही हालात बनते नजर आ रहे हैं।
किसान नेता मनोज यादव, भाईराम, सिंटू यादव और रविंद्र सिंह ने बताया कि क्रय केंद्रों पर अधिकारियों द्वारा बार-बार दौड़ाया जाता है और कई बार केंद्र बंद ही मिलते हैं। इससे परेशान होकर किसान बिचौलियों के हाथों कम कीमत पर फसल बेचने को मजबूर हो जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र के बाहर सक्रिय बिचौलिए किसानों को गुमराह कर रहे हैं।
किसानों का यह भी कहना है कि केंद्र प्रभारी और संबंधित अधिकारी फोन तक नहीं उठा रहे हैं, जिससे उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है।


वहीं, नईबाजार महेसुआ क्रय केंद्र के प्रभारी भूपेश कुमार ने अपनी सफाई में कहा कि वह जिला मुख्यालय में एक बैठक में शामिल होने गए थे। उनका दावा है कि क्रय केंद्र नियमित रूप से और समय पर खोला जा रहा है।
फिलहाल, किसानों में गहरा आक्रोश है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही गेहूं खरीद की व्यवस्था सुचारु नहीं की गई, तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

Leave a Comment

error: Content is protected !!