
चंदौली- जनपद के अलीनगर थाने में तैनात इंस्पेक्टर अनिल पांडेय का तबादला कर उन्हें पुलिस लाइन कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। उनके ट्रांसफर की खबर सामने आते ही पूरे क्षेत्र में मायूसी का माहौल है। आमजन, व्यापारी और स्थानीय लोग उनके कार्यकाल को भावुक होकर याद कर रहे हैं।
इंस्पेक्टर अनिल पांडेय अपने साहस और मानवता के लिए खास पहचान रखते हैं। बीते जुलाई माह में उन्होंने एक पिकअप वाहन दुर्घटना के दौरान जान जोखिम में डालकर खाई में छलांग लगा दी थी। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें रोकने की कोशिश भी की, लेकिन उन्होंने बिना परवाह किए नीचे उतरकर खलासी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, चालक को बचाया नहीं जा सका। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ और उनके साहस की व्यापक सराहना हुई।
इसके अलावा, हाल ही में एक दर्दनाक ट्रेन हादसे में एक दरोगा की मौत के बाद, जब शव के कई अंग अलग-अलग हो गए थे, तब भी इंस्पेक्टर पांडेय ने अदम्य साहस और संवेदनशीलता दिखाते हुए खुद मौके पर पहुंचकर शव को अपने हाथों से उठाया। इस कार्य ने उनकी कर्तव्यनिष्ठा और मानवीय दृष्टिकोण को और मजबूती से सामने रखा।
उनकी कार्यशैली हमेशा “नेकी कर दरिया में डाल” की रही। वे बिना किसी प्रचार-प्रसार के जरूरतमंदों की मदद करते रहे। सड़क हादसों में घायलों को अस्पताल पहुंचाना हो या गरीब परिवारों की बेटियों की शादी में सहयोग,उन्होंने हर जिम्मेदारी को पूरी संवेदनशीलता के साथ निभाया।
अलीनगर थाने में उनके कार्यकाल के दौरान कानून व्यवस्था भी सुदृढ़ रही और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। उनके स्थानांतरण से क्षेत्रवासियों में निराशा जरूर है, लेकिन उनके कार्य, सेवा भाव और व्यक्तित्व लंबे समय तक लोगों के दिलों में जीवित रहेंगे।