[smartslider3 slider="2"]


चंदौली के प्रॉपर्टी डीलर की हत्या, शव मिर्जापुर में खाई से बरामद; महिला मित्र, उसके पति और भांजे पर आरोप

Connect With Social Media



चंदौली जिले में एक प्रॉपर्टी डीलर की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान कुंवर मौर्य (50 वर्ष) के रूप में हुई है, जिनका शव मिर्जापुर के सिरसी डैम के पास खाई में मिला। इस मामले में मृतक की महिला मित्र, उसके पति और भांजे पर हत्या का आरोप लगाया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने पहले सोनभद्र जिले के घोरावल कोतवाली क्षेत्र के पेढ़ गांव में कुंवर मौर्य की हत्या की। इसके बाद साजिश के तहत शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई गई। बताया जा रहा है कि आरोपी मृतक के ही वाहन में शव को लेकर मिर्जापुर पहुंचे और सिरसी डैम के पास खाई में फेंक दिया, ताकि घटना को दुर्घटना या गुमशुदगी का रूप दिया जा सके।
घटना को छिपाने के लिए आरोपियों ने वाहन चालक को भी डरा-धमकाकर चुप रहने के लिए कहा। हालांकि, चालक ने साहस दिखाते हुए मृतक के परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दे दी। सूचना मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया और परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचित किया।
शुक्रवार को मृतक के बड़े भाई घासी मौर्य की तहरीर पर मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस और परिजन संयुक्त रूप से शव की तलाश में जुट गए। तलाश के दौरान सिरसी डैम के पास खाई से शव बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। फिलहाल नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Comment

error: Content is protected !!