एडीएम-एएसपी ने किया औचक निरीक्षण

चंदौली।जिले में पेट्रोल-डीजल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच प्रशासन सतर्क हो गया है। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजेश कुमार और अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर ने नगर क्षेत्र के कई पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पेट्रोल पंपों पर उपलब्ध स्टॉक, आपूर्ति व्यवस्था और सुरक्षा मानकों की गहन जांच की। एडीएम ने पंप संचालकों से वर्तमान स्टॉक तथा प्रतिदिन हो रही सप्लाई की जानकारी ली और स्टॉक रजिस्टरों का मिलान कराया। साथ ही, तेल की मात्रा और गुणवत्ता की भी जांच की गई।अधिकारियों ने पंप संचालकों को सख्त निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में आपूर्ति श्रृंखला बाधित न होने पाए। उपभोक्ताओं को सही मात्रा और गुणवत्ता में ईंधन उपलब्ध कराने तथा पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
एडीएम राजेश कुमार ने स्पष्ट किया कि जिले में पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है और कमी को लेकर फैल रही खबरें पूरी तरह निराधार हैं। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराहट में जरूरत से ज्यादा ईंधन की खरीदारी न करें।
वहीं, एएसपी अनंत चंद्रशेखर ने कहा कि पुलिस-प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि कोई भी पेट्रोल पंप संचालक जमाखोरी या कालाबाजारी करते पाया गया, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।