
चंदौली/गाजीपुर:
दहेज प्रताड़ना और हत्या का एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी है। गाजीपुर जिले के दिलदारनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पचोखर गांव निवासी लीलावती ने अपनी पुत्री अंकिता ठाकुर की हत्या का आरोप उसके ससुराल पक्ष पर लगाया है।
परिजनों के अनुसार, अंकिता की शादी वर्ष 2022 में चंदौली जिले के धानापुर थाना क्षेत्र के डवरिया गांव निवासी राजेंद्र शर्मा के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही अंकिता को दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।

आरोप है कि 23 मार्च 2026 को ससुराल पक्ष के लोगों ने मिलकर अंकिता की हत्या कर दी। घटना को छिपाने के उद्देश्य से शव को जूट के बोरे में भरकर गंगा नदी में फेंक दिया गया। पुलिस द्वारा की गई छानबीन के दौरान युवती का शव गंगा नदी से बरामद कर लिया गया।

परिजनों का कहना है कि उन्हें घटना की सूचना देर से दी गई और मौत का कारण “टायफाइड बुखार” बताया गया, जबकि घटना वाले दिन रात करीब 10 बजे तक अंकिता पूरी तरह सामान्य थी। इससे परिजनों के शक और गहरा गए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और परिजन आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
