
चंदौली-मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के जलील पुर चौकी पुलिस अंतर्गत जीटी रोड स्थित महिंद्रा के रुद्रांश मोटर्स शोरूम में मंगलवार को अचानक भीषण आग लग गई। शोरूम से आग की ऊंची लपटें और काला धुआं उठता देख इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुँच गई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आग लगने के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है लेकिन सूत्र बताते है कि आग की वजह शार्ट सर्किट है। लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो पाएगी। शोरूम के भीतर कई गाड़ियां और स्पेयर पार्ट्स होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंच कर यातायात को नियंत्रित किया और भीड़ को दूर हटाया। फायर ब्रिगेड की टीम लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही है। अभी तक किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है, लेकिन शोरूम में रखा लाखों का सामान जलकर खाक होने की आशंका जताई जा रही है।
मो अफजल की रिपोर्ट