[smartslider3 slider="2"]

बलुआ: पारिवारिक विवाद में युवक ने गंगा पुल से लगाई छलांग,गोताखोरों ने बचाई जान

Connect With Social Media

चंदौली- जनपद के बलुआ थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक युवक ने बलुआ गंगा पुल से गंगा नदी में छलांग लगा दी। हालांकि, मौके पर मौजूद स्थानीय गोताखोरों की तत्परता और बहादुरी से उसकी जान बच गई। पुलिस ने युवक को प्राथमिक उपचार के बाद परिजनों को सौंप दिया है।

जानकारी के अनुसार, सकलडीहा निवासी 30 वर्षीय रिंकू राजभर सोमवार शाम नशे की हालत में बलुआ गंगा पुल पर पहुंचा था। बताया जा रहा है कि वह आत्महत्या के इरादे से पुल से नदी में कूद गया।

घटना के समय नदी किनारे अपनी नाव में अलकतरा लगा रहे स्थानीय गोताखोर मार्केंडे माझी, रवि और आशीष ने युवक को कूदते हुए देख लिया। तीनों ने बिना समय गंवाए तत्काल नदी में छलांग लगाई और कड़ी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

गोताखोरों द्वारा युवक को बचाने के बाद प्रशासन को सूचना दी गई। बलुआ पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को तत्काल चहनियां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. रितेश जायसवाल ने बताया कि युवक को कोई गंभीर चोट नहीं आई थी और प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया।

पूछताछ में युवक रिंकू राजभर ने बताया कि उसकी पत्नी पिछले छह वर्षों से मायके में रह रही है और लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा है। इसी तनाव और नशे की हालत के चलते उसने यह कदम उठाया।

पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद युवक को उसके परिजनों को सौंप दिया है। इस घटना के बाद क्षेत्र में गोताखोरों की बहादुरी की काफी सराहना की जा रही है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!