[smartslider3 slider="2"]

बीआरसी कार्यालय बना मारपीट का अखाड़ा, शिक्षकों के गुट ने किया हंगामा

Connect With Social Media

नौगढ़(चन्दौली) । नौगढ़ क्षेत्र के बीआरसी (ब्लॉक संसाधन केंद्र) कार्यालय में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। आरोप है कि खंड शिक्षा अधिकारी के सामने ही एक सहायक अध्यापक ने प्रभारी कार्यालय सहायक के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए हाथापाई शुरू कर दी।
मिली जानकारी के अनुसार, यह विवाद एक ध्वस्त भवन के निर्माण भुगतान को लेकर चल रहा था। आरोप है कि प्राथमिक विद्यालय गहिला में तैनात सहायक अध्यापक अमित कुमार पांडेय दबाव बनाकर प्रभारी कार्यालय सहायक से बिल्डिंग निर्माण का भुगतान कराना चाहते थे। इसी को लेकर पहले भी करीब एक माह पूर्व दोनों के बीच कहासुनी हुई थी, जिसका ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल बताया जा रहा है।
गुरुवार सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच कुछ शिक्षकों का गुट बीआरसी कार्यालय पहुंचा और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। आरोप है कि खंड शिक्षा अधिकारी लालमणि कन्नौजिया की मौजूदगी में ही सहायक अध्यापक ने कार्यालय प्रभारी के साथ अभद्रता और मारपीट की।
घटना के बाद कार्यालय में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की मांग उठ रही है, जिससे पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके। वहीं यह भी बड़ा सवाल खड़ा हो रहा है कि विद्यालय में शिक्षण कार्य छोड़कर शिक्षकों का गुट बीआरसी कार्यालय में किस उद्देश्य से एकत्र हुआ था।
सूत्रों के अनुसार भवन निर्माण के नाम पर शासन से लाखों रुपये की धनराशि खर्च की जा चुकी है, जिसे लेकर भी विवाद गहराता जा रहा है।
फिलहाल घटना को लेकर शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा हुआ है, और उच्चाधिकारियों द्वारा मामले की जांच कर कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!