
पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन (डीडीयू) पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने अप पुरुषोत्तम एक्सप्रेस ट्रेन के स्लीपर कोच से 45 किलो 284 ग्राम गांजा बरामद किया है। इस मामले में एक युवती को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि दो नाबालिग लड़कियों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 11 लाख 25 हजार रुपए बताई गई है।
जीआरपी प्रभारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि 16 मार्च को टीम प्लेटफार्म संख्या 3/4 पर जांच कर रही थी। इसी दौरान 12801 अप पुरुषोत्तम एक्सप्रेस ट्रेन प्लेटफार्म संख्या चार पर पहुंची। टीम ने संदिग्ध वस्तुओं की तलाश में ट्रेन में छानबीन शुरू की।
ट्रेन के कोच संख्या S3 में यात्रियों ने तीन लड़कियों द्वारा रखे गए तीन ट्राली बैग में संदिग्ध सामान होने की सूचना दी। शक के आधार पर टीम ने तीनों ट्राली बैग को नीचे उतार लिया। हालांकि, इस दौरान तीनों लड़कियां सीट के पास नहीं मिलीं। ट्रेन खुलने के बाद एक टीम लड़कियों की तलाश में ट्रेन में चढ़ गई। प्रयागराज जंक्शन पर पहुंचने के दौरान तीनों लड़कियां कोच में दिख गईं। महिला पुलिसकर्मियों की मदद से उन्हें प्लेटफार्म पर उतारा गया और पूछताछ के लिए डीडीयू जंक्शन लाया गया।
डीडीयू जंक्शन पर बैग की पहचान कराई गई, जिसमें तीनों ट्राली बैग से कुल 45 किलो 284 ग्राम गांजा बरामद हुआ। जांच में पता चला कि यह गांजा उड़ीसा से दिल्ली ले जाया जा रहा था। तीनों लड़कियों में से दो नाबालिग निकलीं। आरोपी रानी (22), निवासी जेजे कॉलोनी, बवाना थाना नरेला, दिल्ली को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। वहीं, दोनों नाबालिगों के खिलाफ पुलिस आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।