[smartslider3 slider="2"]

विद्युत व्यवस्था पर सख्त हुई विधान परिषद समिति, ट्रांसफार्मर मरम्मत और शिकायत निस्तारण में तेजी के निर्देश

Connect With Social Media

वाराणसी स्थित सर्किट हाउस सभागार में उत्तर प्रदेश विधान परिषद की प्रदेशीय विद्युत व्यवस्था संबंधी जांच समिति की महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता समिति के सभापति अंगद कुमार सिंह ने की, जिसमें विद्युत आपूर्ति से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान समिति के सदस्यों ने अधिकारियों से ट्रांसफार्मरों की मरम्मत, जनपद में औसत बिजली आपूर्ति, उपभोक्ता लोड के अनुरूप ट्रांसफार्मरों की क्षमता और उनके रखरखाव की स्थिति पर जानकारी ली। साथ ही 1912 हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण और मीटर रीडिंग व्यवस्था पर भी चर्चा की गई।


समिति ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उपभोक्ताओं की विद्युत संबंधी शिकायतों का समयबद्ध और प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। विशेष रूप से 1912 पर दर्ज शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। किसानों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए निर्धारित समय पर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
सभापति ने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा भेजे गए प्रस्तावों पर प्राथमिकता के साथ कार्रवाई होनी चाहिए और ट्रांसफार्मरों की मरम्मत निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी की जाए। अधिकारियों को जनता के प्रति संवेदनशील और जवाबदेह होकर कार्य करने की हिदायत दी गई।


इसके अलावा विजिलेंस टीम को लाइन लॉस वाले क्षेत्रों में छापेमारी बढ़ाने के निर्देश दिए गए, लेकिन यह भी स्पष्ट किया गया कि कार्रवाई पूरी पारदर्शिता के साथ हो और आम उपभोक्ताओं को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए।
बैठक में प्राथमिक विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों के विद्युतीकरण, बिजली बिल से जुड़ी शिकायतों और उनके निस्तारण की भी समीक्षा की गई। जिन विद्यालयों में अब तक बिजली कनेक्शन नहीं है, वहां प्राथमिकता के आधार पर कनेक्शन देने के निर्देश दिए गए। साथ ही जिन स्कूलों के ऊपर से हाईटेंशन तार गुजर रहे हैं, उन्हें हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
समिति ने ग्राम पंचायत भवनों और अंत्येष्टि स्थलों पर भी विद्युत आपूर्ति की स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। चंदौली विद्युत विभाग के जवाबों पर समिति ने असंतोष जताते हुए अधिकारियों को अगली बैठक में पूरी तैयारी के साथ उपस्थित होने को कहा।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी चंदौली चंद्र मोहन गर्ग ने समिति का आभार व्यक्त करते हुए दिए गए निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन का आश्वासन दिया।
इस दौरान विधान परिषद सदस्य धर्मेन्द्र सिंह, श्याम नारायण सिंह ‘विनीत सिंह’, रविशंकर सिंह ‘पप्पू’, सत्यपाल सैनी, अमित गुप्ता, मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं, अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

error: Content is protected !!