
चंदौली:
जनपद के बलुआ थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में घायल एक वृद्ध की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बलुआ थाना क्षेत्र के समुदपुर गांव निवासी 66 वर्षीय सुरेन्द्र सिंह सोमवार को सैदपुर मार्ग पर स्थित एक कैंटीन के पास सड़क पार कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल पास ही एक मिस्त्री की दुकान पर खड़ी की थी। इसी दौरान चहनिया की ओर से सैदपुर मारूफपुर की तरफ जा रही एक तेज रफ्तार डीसीएम ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में सुरेन्द्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां भी स्थिति नाजुक बनी रहने पर चिकित्सकों ने उन्हें ट्रामा सेंटर भेज दिया।
मंगलवार देर रात इलाज के दौरान सुरेन्द्र सिंह ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
पुलिस ने मृतक के परिजनों की तहरीर पर अज्ञात डीसीएम चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही आरोपी की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है।