
चंदौली-नौगढ़ तहसील क्षेत्र में वन भूमि पर अवैध अतिक्रमण के खिलाफ जिला प्रशासन ने ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत बड़ी कार्रवाई की। काशी वन्य जीव प्रभाग रामनगर (चंदौली-वाराणसी) के अंतर्गत मझगांई रेंज में चलाए गए इस अभियान में लगभग 20 हेक्टेयर वन भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। यह कार्रवाई जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देश पर बहु-विभागीय समन्वय के साथ की गई।
अभियान में तहसील प्रशासन, पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने हिस्सा लिया। तहसीलदार अनुराग सिंह, एसडीओ नौगढ़ वरुण प्रताप सिंह और क्षेत्राधिकारी नामेंद्र कुमार रावत की मौजूदगी में भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात रही। वन विभाग के अधिकारियों और उड़नदस्ता टीम के साथ करीब 6 जेसीबी मशीनों की मदद से लगभग 250 अवैध कच्चे ढांचों को जमींदोज कर दिया गया।

कार्रवाई के दौरान कुछ महिलाओं ने प्लास्टिक की झोपड़ियों में आग लगाकर माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया, लेकिन महिला पुलिस और वन विभाग की टीम ने तत्परता से स्थिति को नियंत्रित कर लिया। सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
प्रशासन के अनुसार, वर्ष 2023-24 में ‘ओखरीहवा रोपावनी’ योजना के तहत लगाए गए पौधों को अतिक्रमणकारियों ने नुकसान पहुंचाया था। इस मामले में पहले ही 100 से अधिक लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में दोबारा वृक्षारोपण और नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए हैं, ताकि भविष्य में अतिक्रमण की पुनरावृत्ति न हो सके।