
चंदौली। सैयदराजा थाना पुलिस ने गोवध निवारण अधिनियम के मामले में फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामिया आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे एनएच-2 स्थित भतीजा अंडरपास के पास से दबोचा। आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
थाना प्रभारी अशोक कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम रविवार को क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना के आधार पर एनएच-2 के भतीजा अंडरपास के पास से वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार 13 जनवरी 2025 को सैयदराजा थाने में मु0अ0सं0 06/2025 के तहत गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3/5A/5B/8 तथा पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11 में मुकदमा दर्ज किया गया था। उस समय एक आईसर ट्रक (UP15DT2696) से 25 गोवंश बरामद किए गए थे। मौके से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया था, जबकि ट्रक मालिक फरार हो गया था।
जांच के दौरान फरार ट्रक मालिक मजीद पुत्र जफर निवासी बेहरौरा मछरा, थाना तिठौर, जिला मेरठ (उम्र 42 वर्ष) की तलाश की जा रही थी। उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। रविवार को पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी अशोक कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक धर्मदेव प्रसाद, हेड कांस्टेबल नसीरुद्दीन हुमायूं और कांस्टेबल राजू सिंह शामिल रहे।