
नौगढ़ तहसील क्षेत्र के बाघी गांव में एक 10 वर्षीय बालक को घर में बक्से के नीचे छिपे सांप ने काट लिया। घटना रविवार सुबह करीब 10:30 बजे हुई। परिजनों ने तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ पहुंचाया, जहां उपचार के बाद बच्चे की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, बाघी गांव निवासी भान शर्मा का 10 वर्षीय पुत्र वंश घर में रखे बक्से से कपड़े निकाल रहा था। इसी दौरान बक्से के नीचे छिपा एक सांप हलचल होने पर बाहर आ गया। जब वंश कपड़े निकालकर जाने लगा, तो उसका पैर अनजाने में सांप पर पड़ गया। सांप ने उसे दाहिने पैर के घुटने के पास काट लिया।
बच्चे के चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक सांप वहां से जा चुका था। घटना की सूचना मिलते ही परिजन वंश को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ ले गए। वहां मौजूद डॉक्टर नागेंद्र ने सांप के काटे स्थान को साफ किया और एंटी-स्नेक वेनम इंजेक्शन लगाया।
डॉक्टर नागेंद्र ने बताया कि बच्चे की हालत अब खतरे से बाहर है। उन्होंने लोगों से अपील की कि सांप के काटने पर झाड़-फूंक के बजाय तुरंत नजदीकी अस्पताल में उपचार कराएं। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में एंटी-स्नेक वेनम इंजेक्शन उपलब्ध है, जिससे समय पर इलाज मिलने पर मरीज की जान बचाई जा सकती है।