
चंदौली के सैयदराजा में पुलिस और स्वाट टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। नेशनल हाईवे पर एक ट्रक से करीब 1.20 करोड़ रुपये मूल्य की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई है। पुट्टी की बोरियों में छिपाकर ले जाई जा रही 710 पेटी शराब जब्त की गई, और इस मामले में दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
यह कार्रवाई अपर पुलिस महामहानिदेशक वाराणसी जोन पीयूष मोर्डिया और पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र वैभव कृष्ण के निर्देश पर की गई। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे द्वारा जनपद में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह सफलता मिली। थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा, स्वाट टीम प्रभारी निरीक्षक रामजनम यादव और सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से इस अभियान को अंजाम दिया।

मुखबिर की सूचना पर शनिवार को NH-19 स्थित ग्राम बरठी कमरौर के पास एक पेट्रोल पंप पर चेकिंग की गई। पेट्रोल भरवाने के लिए रुके एक ट्रक की प्राथमिक जांच में पुट्टी की बोरियां मिलीं। गहन जांच के बाद बोरियों के नीचे छिपाई गई 710 पेटी (कुल 6325.92 लीटर) अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
पुलिस ने ट्रक चालक अली बक्श (निवासी सहारा, थाना तलझारी, दुमका, झारखंड) को गिरफ्तार किया। इसके साथ ही, ट्रक को लोकेशन बता रही महिंद्रा बोलेरो के चालक मुरताज अंसारी (निवासी चित्रपोका, थाना मोहनपुर, देवघर, झारखंड) को भी पकड़ा गया। दोनों तस्कर झारखंड के रहने वाले हैं।

सैयदराजा थाने में संबंधित धाराओं, बीएनएस और आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक सुनील कुमार, हेड कांस्टेबल गया प्रसाद, कांस्टेबल शंकर राम, चालक बिरेश यादव शामिल थे। स्वाट टीम/सर्विलांस टीम से प्रभारी निरीक्षक रामजनम यादव, हेड कांस्टेबल अरविंद भारद्वाज, राणाप्रताप सिंह, आनंद सिंह, मंटू सिंह, कांस्टेबल अजीत सिंह, नीरज कुमार मिश्रा और मनीष कुमार भी शामिल रहे।