
चहनियाँ/चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के सेवढ़ी हुदहुदीपुर गांव में पुरानी रंजिश को लेकर शनिवार की दोपहर दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई, जिसने देखते ही देखते खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। इस घटना में एक ही परिवार के आधा दर्जन लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए चहनियां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने एक घायल की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार सेवढ़ी हुदहुदीपुर गांव निवासी दो सगे भाइयों छोटन राय और मोहन राय के यहां शुक्रवार को तेरही का कार्यक्रम था। कार्यक्रम के दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज होने लगी। इसी दौरान मोहन राय की ओर से लालचंद राय का बड़ा बेटा अरविंद राय, जो सेना में कार्यरत है, भी गाली-गलौज करने लगा।
मौके पर मौजूद परिजनों और ग्रामीणों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया ।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना के अगले दिन सुबह अरविंद राय, उसके पिता लालचंद राय, लवकुश राय और धर्मेंद्र राय सहित अन्य लोग लाठी-डंडों से लैस होकर राजेश राय के घर पर पहुंच गए और अचानक हमला कर दिया। हमलावरों ने घर में मौजूद महिलाओं और बच्चों को भी नहीं बख्शा और मारपीट करने लगे।

इस हमले में 24 वर्षीय गौतम राय, 53 वर्षीय जवाहिर राय, 60 वर्षीय छोटन राय, 27 वर्षीय संदीप राय, 17 वर्षीय राधिका और 32 वर्षीय लक्ष्मीना देवी सहित कई लोग घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने तुरंत बलुआ पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए चहनियां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गौतम राय की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
इस संबंध में बलुआ थानाध्यक्ष अरुण कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों को थाने लाया गया है। मामले में मुकदमा पंजीकृत कर मारपीट करने वालों के खिलाफ अग्रिम कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया गया है।
