
कंदवा चन्दौली। इमिलियां गांव के समीप बरडीहा माइनर पर विगत चार माह पूर्व पुलिया निर्माण कार्य शुरु हुआ जो आज तक पूरा नहीं हो पाया है।ऐसे मे आवागमन करने मे लोगों को परेशानी हो रही है।जल्द से जल्द पुलिया निर्माण की मांग है।
बरहनी घोसवां मार्ग से इमिलियां गांव को जाने के लिए नहर के पटरी के किनारे मार्ग बना है।इसी मार्ग पर इमिलियां गांव के पास नहर पर पुलिया टूट गयी थी करीब चार माह पूर्व यहां पुलिया पर निर्माण कार्य शुरु हुआ।बकायदे छड से जाली बुनी गयी उसके बाद ढलाई का कार्य होना था लेकिन कार्यदायी संस्था द्वारा महीनों बीत जाने के बाद भी ढलाई कार्य नहीं हुआ।यहां आलम यह है कि दो पहिया वाहन पुलिया के बगल से निकलने के चक्कर मे प्रतिदिन गिरकर चोटिल हो रहे हैं। इमिलियां के बब्लू सिंह की मानें तो यहां पुलिया निर्माण कार्य अधर मे लटका है ऐसे मे यहां चार पहिया से गांव मे जाना नहीं हो पा रहा है।लंबी दूरी तय कर लोग यहां दूसरे रास्ते से आवागमन को मजबूर हैं।मुसाफिर तिवारी का कहना है कि शासन प्रशासन की ढुलमुल कार्य प्रणाली से यहां लोगों को आवागमन मे असुविधा हो रही है।राजन तिवारी का कहना है कि पुलिया का निर्माण कार्य अधर मे लटकने से आवागमन मे असुविधा हो रही है।