
सकलडीहा (चंदौली)। सकलडीहा विकास खंड परिसर में लगा वाटर कूलर लंबे समय से खराब पड़ा है, वहीं ब्लॉक परिसर का हैंडपंप भी काम नहीं कर रहा है। शुद्ध पेयजल की व्यवस्था ठप होने से यहां दूर-दराज से आने वाले फरियादी, कर्मचारी और अधिकारी सभी को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
गर्मी की शुरुआत के साथ ही पानी की समस्या और गंभीर हो गई है। ब्लॉक परिसर में आने वाले लोगों को मजबूरन बोतलबंद महंगा पानी खरीदना पड़ रहा है। कई बार लोगों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है, जिससे उन्हें अतिरिक्त असुविधा झेलनी पड़ रही है।
जानकारी के अनुसार, ब्लॉक परिसर में लगा वाटर कूलर काफी समय पहले सामाजिक संस्था द्वारा लगवाया गया था। उस समय ब्लॉक में आने वाले लोगों को शुद्ध और ठंडा पेयजल आसानी से मिल जाता था। लेकिन पिछले काफी समय से इसके खराब पड़े रहने से लोग परेशान हैं।
ग्रामीण बच्चा सिंह, राहुल सिंह, सतेंद्र कुमार और हरदेव सिंह ने इस समस्या पर चिंता जताते हुए कहा कि ब्लॉक परिसर में प्रतिदिन सैकड़ों लोग विभिन्न कार्यों से आते हैं। ऐसे में पेयजल की व्यवस्था खराब होना बेहद गंभीर समस्या है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से जल्द से जल्द वाटर कूलर और हैंडपंप की मरम्मत कराने की मांग की है।
इस संबंध में खंड विकास अधिकारी विजय कुमार सिंह ने बताया कि खराब पड़े वाटर कूलर और हैंडपंप की जानकारी मिल गई है। जल्द ही दोनों की मरम्मत कराकर पेयजल की व्यवस्था सुचारु कर दी जाएगी।