
चकिया (चंदौली)। शहाबगंज विकासखंड के सैदूपुर स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका उषा सिंह को महिला कल्याण विभाग द्वारा नारी शक्ति का सम्मान के तहत कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता सिंह चौहान एवं जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के हाथों सम्मानित किया गया।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 8 मार्च को जिले में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं के चयन के क्रम में शहाबगंज विकासखंड के सैदूपुर पूर्व माध्यमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका उषा सिंह का भी चयन सम्मान के लिए किया गया था। इसी क्रम में बुधवार 11 मार्च को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान उन्हें सम्मानित किया गया।
महिला कल्याण विभाग एवं मानव संसाधन एवं महिला विकास संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता सिंह चौहान एवं जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने उषा सिंह को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिले में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली कुल 25 महिलाओं को सम्मानित किए जाने के लिए चयनित किया गया था।
सम्मान प्राप्त करने के बाद प्रधानाध्यापिका उषा सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनके लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष एवं जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के हाथों सम्मान प्राप्त होना उनके लिए प्रेरणादायक है और इससे आगे भी शिक्षा व समाज सेवा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी।
कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी दिव्या ओझा सहित शिक्षा विभाग के कई शिक्षक एवं महिला शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।