
चकिया(चन्दौली)। नगर स्थित वार्ड नंबर 6 सिविल लाइन पूर्वी में स्थित पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय चकिया द्वितीय में मंगलवार को वार्षिकोत्सव समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक कैलाश आचार्य, चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव तथा सभासद मीना विश्वकर्मा ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर एवं दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना और गणेश वंदना से हुई। इसके बाद बच्चों ने स्वागत गीत, पर्यावरण पर आधारित एकांकी, “तिरंगा मेरी शान” सहित विभिन्न विषयों पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों पर पूरे कार्यक्रम स्थल पर तालियों की गूंज सुनाई देती रही।
इस अवसर पर विधायक कैलाश आचार्य ने कहा कि विद्यालयों में इस प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वहीं चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव ने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को मंच देने से उनमें आत्मविश्वास बढ़ता है और वे आगे चलकर समाज और देश का नाम रोशन करते हैं।
इस अवसर पर सभासद ज्योति गुप्ता कैलाश जायसवाल आलोक जायसवाल रामदुलारे गौड़ राजेश पटेल मीना राय नीरु देवी पूर्व सभासद गुरुदेव चौहान अनिल सिंह विजयानंद द्विवेदी सुनील कुमार रजनी जायसवाल विजयलक्ष्मी सहित तमाम लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन विजय विश्वकर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रधानाध्यापक काशीनाथ ने किया।