मुगलसराय(चंदौली)-आजकल रील बनाने का फैशन युवा पीढ़ी में जोरों पर है ऐसे में नगर में एक बाइकर गैंग काफी दिनों से रील बनाने में सक्रिय है जो हाई स्पीड बाइक पर स्टंट करते दिखते हैं। सड़कों पर उनकी रफ्तार इतनी होती है कि स्टंट देखकर इंसान के सांसे ही रुक जाए। चाहे रिंग रोड हो या रेलवे कॉलोनी या फिर चकिया तिराहा। यहां तक कि दीनदयाल उपाध्याय नगर में भी यह बाईकर गैंग रील बना कर सोशल मीडिया में डाल रहा है। सोशल मीडिया पर लाइक्स पाने की होड़ में ये बाइकर्स यह भी भूल जाते है कि तेज रफ्तार किसी भी पल उनकी सांसों को भी रोक सकती है।सोशल मीडिया पर इनके पोस्ट भी शोहदों वाले स्टाइल में होते हैं।अब तो इन्हें देख कर अमीरों की बिगड़ैल औलाद के नाम से संबोधित करने लगे हैं क्योंकि इनकी स्टंट वाली हरकतों की वजह से आम राहगीर भी मुश्किल में पड़ते है और ये एमवी एक्ट के उलंघन करने में जरा भी नही हिचकिचाते।
जिले भर में यातायात पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा सप्ताह,सड़क सुरक्षा माह जैसे कई अभियान समय-समय पर चला कर लोगों को सुरक्षित वहां चलने के लिए प्रेरित किया जा रहा है लेकिन उसके विपरीत यह बाइकर गैंग आए दिन स्टंट करते हुए रील बनाकर सोशल मीडिया पर डाल रहे हैं।आपको बता दे कि इस बाइकर गैंग में 6 से 8 सदस्य हैं सभी के पास हाई स्पीड बाइक है। यह कहां से आते हैं और फिर कहां लुप्त हो जाते हैं इस बात की जानकारी अभी तक पुलिस को भी नही है। लेकिन सोशल मीडिया पर उनके रील बताते हैं यह लोग रिंग रोड, यूरोपीयन कॉलोनी, मुगलसराय जीटी रोड, चकिया तिराहा,डीआरएम ऑफिस तालाब किनारे जैसे स्थानों पर इकट्ठे होकर अपना स्टंट करते हैं। इन सब के बीच सवाल यह भी है कि अगर सड़कों पर स्टंट कर यह बाइकर्स रील बना रहे हैं तो पुलिस की नजर इन पर अब तक क्यों नहीं गई।