[smartslider3 slider="2"]

अधेड़ की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौतपीडीडीयू नगर मार्ग पर हादसा, पुलिस जांच में जुटी

Connect With Social Media

मुगलसराय – कोतवाली क्षेत्र के डाँडी गांव के समीप पीडीडीयू नगर मार्ग पर रविवार सुबह एक सड़क हादसे में एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर जलीलपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया।

पुलिस ने शव की पहचान करवत हरिजन बस्ती निवासी शिवकुमार (पुत्र रामा) के रूप में की। उनकी उम्र 45 वर्ष बताई गई है। हादसे की खबर मिलते ही उनके परिवार में शोक छा गया। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

शिवकुमार मूल रूप से मिर्जापुर जिले के कोल्हुआ नारायणपुर के निवासी थे। उनकी मां के निधन के बाद बचपन से ही उनका पालन-पोषण करवत गांव में नाना-नानी ने किया था। तब से वह वहीं रह रहे थे। शिवकुमार पिकअप और डीसीएम वाहन चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।

परिजनों ने बताया कि शिवकुमार रोजाना माल ढोने के बाद वाहन को घर के पास खड़ा करते थे। हालांकि, इन दिनों गांव में सड़क निर्माण कार्य चलने के कारण वह वाहन को डाँडी गांव के पास खड़ा कर रहे थे। रविवार सुबह करीब चार बजे वह रोज की तरह अपने पिकअप वाहन से माल पहुंचाने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान डाँडी गांव के समीप सिक्सलेन सड़क पार करते समय किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

मुगलसराय थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि घटना सुबह लगभग 6:30 बजे की है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है। मृतक शिवकुमार अपने पीछे पत्नी मालती, पुत्र सूरज उर्फ बिल्लू और दो बेटियां काजल व ममता को छोड़ गए हैं। उनकी बेटी काजल की शादी हो चुकी है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!