[smartslider3 slider="2"]

पीडीडीयू नगर समाधान दिवस में गूंजा जमीन कब्जे का मामला, फरियादी बोला – 3 साल में दिए 50 आवेदन, फिर भी नहीं मिला न्याय

Connect With Social Media

चंदौली। जिले के पीडीडीयू नगर तहसील में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जमीन कब्जे का मामला जोरदार तरीके से उठा। अलीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम सरने पीतांबर का पूरा निवासी एक फरियादी ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के सामने अपनी पीड़ा रखी और आरोप लगाया कि तीन वर्षों में 50 से अधिक प्रार्थना पत्र देने के बावजूद उसे अपनी आवंटित जमीन पर कब्जा नहीं मिल पाया है।
फरियादी चंदन प्रसाद ने बताया कि वर्ष 2021 में उसे सरकार की ओर से जमीन आवंटित की गई थी, जिस पर वह झोपड़ी बनाकर अपने परिवार के साथ रह रहा था। आरोप है कि गांव के कुछ लोगों ने उसकी झोपड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया और जमीन पर अतिक्रमण कर लिया। इसके बाद से वह लगातार न्याय के लिए अधिकारियों के चक्कर काट रहा है।
पीड़ित के अनुसार, वर्ष 2023 से लेकर 2026 तक वह कई बार संपूर्ण समाधान दिवस में आवेदन दे चुका है, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिला। उसने यह भी आरोप लगाया कि जमीन पर कब्जा दिलाने के नाम पर लेखपाल और पुलिसकर्मी पैसे की मांग करते हैं। फरियादी का कहना है कि हर बार शिकायत करने पर प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंचती है, फोटो खींचती है और वापस लौट जाती है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं होता।
मामले को सुनने के बाद जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने कहा कि समाधान दिवस में अधिकतर शिकायतें भूमि विवाद से संबंधित आई हैं। इन समस्याओं के समाधान के लिए संयुक्त टीम का गठन किया गया है, जो मामलों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग बार-बार तहसील के चक्कर लगा रहे हैं, उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जाएगा।
वहीं पीडीडीयू नगर के एसडीएम अनुपम मिश्रा ने बताया कि समाधान दिवस में कुल 65 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 7 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।


इस दौरान पुलिस अधीक्षक आदित्य लाग्हे, सीएमओ युगल किशोर राय, तहसीलदार राहुल सिंह, डीपीआरओ नीरज सिन्हा, नायब तहसीलदार अमित कुमार, बीडीओ रूबेन शर्मा समेत कई विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

error: Content is protected !!