
चंदौली। जिले के कंदवा थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव में गुरुवार को दिनदहाड़े एक किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 28 वर्षीय विशाल सिंह के रूप में हुई है, जो अपने भाई के साथ खेती-बाड़ी का काम करते थे।
जानकारी के अनुसार गुरुवार को विशाल सिंह गांव के बाहर स्थित अपने फार्म हाउस पर आराम कर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार बदमाश वहां पहुंचे और पास जाकर उनकी कनपटी पर गोली मार दी। गोली लगते ही विशाल सिंह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही कंदवा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर के नेतृत्व में पुलिस, क्राइम ब्रांच और सर्विलांस टीम को जांच में लगाया गया है। पुलिस फिलहाल मृतक के करीबी रिश्तेदारों समेत कई संभावित एंगल्स पर जांच कर रही है।
फार्म हाउस से मिली संदिग्ध किताब

जांच के दौरान पुलिस को फार्म हाउस से एक संदिग्ध किताब भी मिली है। बताया जा रहा है कि इस किताब में हत्या और अन्य आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने के बाद साक्ष्य मिटाने के तरीके लिखे हुए हैं। पुलिस इस किताब को भी जांच का महत्वपूर्ण सुराग मानकर पड़ताल कर रही है।
सीओ देवेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस इनपुट, मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।