
मुगलसराय (चंदौली)। नगर में सड़क सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस ने शुक्रवार को विशेष अभियान चलाया। इस दौरान बिना हेलमेट बाइक चलाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए कई लोगों के चालान काटे गए। अभियान नगर के वीआईपी गेट के पास यातायात प्रभारी के नेतृत्व में चलाया गया।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने दोपहिया वाहनों को रोककर चालकों के हेलमेट, ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन के कागजात समेत अन्य आवश्यक दस्तावेजों की गहन जांच की। जांच के दौरान कई लोग बिना हेलमेट वाहन चलाते पाए गए, जिनके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) के तहत चालान की कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस ने इस दौरान वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक भी किया। अधिकारियों ने कहा कि हेलमेट न पहनना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि दुर्घटना की स्थिति में यह जानलेवा साबित हो सकता है।

यातायात प्रभारी सत्य प्रकाश यादव ने बताया कि लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में सबसे अधिक नुकसान बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों को होता है, इसलिए सभी लोगों को हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करना चाहिए।
उन्होंने आम जनता से अपील की कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें और आवश्यक सुरक्षा उपकरणों का प्रयोग करें। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।