
चन्दौली- सकलडीहा विकास खंड परिसर में शुक्रवार को दिव्यांगजनों के लिए एक सराहनीय पहल देखने को मिली, जहां 65 दिव्यांग लाभार्थियों को ट्राई साइकिल वितरित की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख अवधेश सिंह और जिला दिव्यांग अधिकारी राजेश नायक रहे।
●मुख्य अतिथियों ने दिव्यांग लाभार्थियों को ट्राई साइकिल सौंपकर और माला पहनाकर उनका स्वागत किया। ट्राई साइकिल पाकर दिव्यांगों के चेहरों पर खुशी और आत्मविश्वास साफ झलक रहा था। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख अवधेश सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार समाज के पात्र और जरूरतमंद वर्ग तक योजनाओं का लाभ ईमानदारी से पहुंचा रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय, सामूहिक विवाह, ट्राई साइकिल, किसान सम्मान निधि और आयुष्मान कार्ड जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को गरीब, किसान, युवा और मजदूरों के उत्थान के लिए संकल्पित बताया।

●जिला दिव्यांग अधिकारी राजेश नायक ने दिव्यांगजनों को संबोधित करते हुए बताया कि वे विभाग की विभिन्न सहायक उपकरण योजनाओं का लाभ लेने के लिए पंजीकरण करा सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने स्वयं सभी दिव्यांगों को लंच पैकेट भी वितरित किए।
●कार्यक्रम में बीडीओ विजय कुमार सिंह, एडीओ पंचायत बजरंगी पाण्डेय, एपीओ अभिनव पाण्डेय, एडीओ समाज कल्याण आशीष गुप्ता, एडीओ ग्राम विकास हवलदार यादव, मंडल अध्यक्ष जेपी चौहान, भाजपा नेता नीरज सिंह बाला सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।