
चन्दौली- सैयदराजा आदर्श नगर पंचायत के लोहियानगर स्थित राजकीय महिला महाविद्यालय में प्राचार्य प्रो सुनील कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को चतुर्थ वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन बहुत ही धूमधाम से किया गया। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि दीप्ति मिश्रा परीक्षा नियंत्रक महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ वाराणसी एवं विशिष्ट अतिथि आभा जायसवाल नगर पंचायत अध्यक्ष सैयदराजा चंदौली एवं प्राचार्य द्वारा सरस्वती प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय पत्रिका उड़ान का विमोचन भी अतिथियों द्वारा किया गया। छात्राओं को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि दीप्ति मिश्रा ने कहा कि छात्राओं के द्वारा वार्षिकोत्सव में प्रस्तुत सभी सांस्कृतिक कार्यक्रम अत्यंत ही अद्भुत एवं सराहनीय रहे। आगे उन्होंने छात्राओं को व्यावहारिक जीवन में सफल होने हेतु मार्गदर्शन प्रदान किया।

●कहा कि आज के आधुनिक समय में छात्राओं को कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ना है और समाज के अवांछित तत्वों से सावधान रहते हुए सफलता की सीढ़ियों पर आगे बढ़ते जाना है। विशिष्ट अतिथि आभा जायसवाल ने छात्राओं सहित पूरे महाविद्यालय परिवार के परिश्रम की सराहना करते हुए छात्राओं को आश्वासन दिया कि कोई भी समस्या होने पर वे व्यक्तिगत रूप से उनसे मिल सकती हैं और उनकी समस्या का समाधान निश्चित रूप से होगा। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य ने कहा कि इस महाविद्यालय की छात्राएं विभिन्न प्रतिभाओं से परिपूर्ण हैं और ये अपनी प्रतिभा के दम पर जनपद व मंडल से लेकर प्रदेश स्तर तक महाविद्यालय का नाम रोशन कर रहीं हैं। उक्त अवसर पर सत्र 2025-26 में महाविद्यालय परिसर में आयोजित युवा महोत्सव, मिशन शक्ति, सड़क सुरक्षा, हर घर तिरंगा अभियान, राष्ट्रीय खेल दिवस, राष्ट्रीय एकता दिवस, उत्तर प्रदेश राज्य स्थापना दिवस आदि के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता छात्राओं को पुरस्कार एवं सर्टिफिकेट प्रदान किया गया।

●समारोह में छात्रा खुशी, शिखा, स्नेहा, प्रिया, तनु, मुस्कान, स्वाति, सीता, काजल, अंशिका,रितु, आस्था, रिया, संध्या व अंजली ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। अंत में प्राचार्य द्वारा मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि को अंगवस्त्रम एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनको सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संयोजन व संचालन समारोहक डॉ सर्वेश तिवारी ने किया। उक्त अवसर पर डॉ रवि प्रकाश, हेमंत कुमार निराला, डॉ अजय कुमार सोनकर, डॉ अभय राज यादव, डॉ अवनीश कुमार सिंह,रितेश कुमार सिंह, डॉ नीरज सिंह, डॉ ऋतेष गौरव, डॉ श्रद्धा मिश्रा, संकट मोचन झा, अमित कुमार, प्रमोद कुमार केशरी, पवन कुमार, शिव शंकर कुमार एवं राजन पांडेय सहित सैकड़ों छात्राएं उपस्थित रहीं