
चंदौली-संयुक्त सचिव, युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार तथा वाराणसी मण्डल के लिए नामित विशेष रोल प्रेक्षक श्री कुणाल IAS की अध्यक्षता में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण SIR कार्यक्रम के अंतर्गत मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक संपन्न हुई।
●बैठक में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग ने रोल प्रेक्षक को अवगत कराया कि जनपद में निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ निर्वाचन की तैयारियाँ की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान सामने आ रही छोटी-मोटी समस्याओं का त्वरित समाधान संबंधित अधिकारियों द्वारा किया जा रहा है।

●रोल प्रेक्षक कुणाल ने उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि दिनांक 6 जनवरी 2026 से 6 फरवरी 2026 तक आम जनमानस से दावे एवं आपत्तियाँ प्राप्त की जाएँगी। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से निर्वाचक नामावली को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिहीन बनाने में सक्रिय सहयोग प्रदान करने की अपील की।
बैठक में 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके नए मतदाताओं के पंजीकरण को बढ़ाने तथा सभी मतदाताओं से अपनी प्रविष्टियाँ निर्वाचक नामावली में अवश्य जाँचने हेतु जनजागरूकता पर विशेष बल दिया गया।
● राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मतदान एवं मतदाता सूची से संबंधित समस्याओं और सुझावों पर भी चर्चा की गई। जिस पर सभी दलों ने अपने-अपने सुझाव प्रस्तुत किए। रोल प्रेक्षक ने जिलाधिकारी को निर्देशित किया कि निर्वाचक नामावली से मृतक मतदाताओं के नाम,डुप्लीकेट प्रविष्टियाँ तथा ऐसे मतदाता जो वर्तमान में जनपद में निवास नहीं करते हैं, उनके नाम हटाने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। साथ ही जिन मतदाताओं के नाम किसी कारणवश कट गए हैं तथा नए योग्य मतदाताओं के नाम जोड़ने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

●बैठक के अंत में जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि भारत निर्वाचन आयोग एवं विशेष रोल प्रेक्षक द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का समयबद्ध एवं शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी सह उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार, समस्त उपजिलाधिकारीगण, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
●बैठक से पूर्व विशेष रोल प्रेक्षक कुणाल द्वारा जलीलपुर क्षेत्र स्थित तीन मतदान केंद्रों का निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण के दौरान बीएलओ द्वारा SIR कार्य संतोषजनक पाए जाने पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की और बेहतर कार्य के लिए सभी को बधाई दी।