
चन्दौली- सकलडीहा क्षेत्र अंतर्गत दिघवट गाँव की होनहार छात्रा सुहानी राजभर ने राष्ट्रीय स्तर पर जिले और गाँव का नाम रोशन किया है। कक्षा 10 की छात्रा सुहानी ने शिक्षा मंत्रालय एवं रक्षा मंत्रालय द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित ‘वीरगाथा’ राष्ट्रीय प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल हासिल कर बड़ी उपलब्धि दर्ज की है।
●सुहानी को यह सम्मान महाराणा प्रताप पर आधारित बनाई गई उत्कृष्ट पेंटिंग के लिए प्रदान किया गया। उनकी कलाकृति को देशभर से चयनित प्रतिभागियों में शीर्ष 100 में स्थान मिला है जिसके बाद सुहानी को दिल्ली में आयोजित सम्मान समारोह में आमंत्रित किया गया। समारोह के दौरान सुहानी को स्वर्ण पदक और 10 हजार रुपये का चेक देकर सम्मानित किया गया।
●आपको बतादे कि दिघवट गाँव निवासी हरिश्चंद्र राजभर की पुत्री सुहानी सैयदराजा स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में कक्षा 10वी की छात्रा हैं। विद्यालय के माध्यम से उनकी पेंटिंग प्रतियोगिता के लिए ऑनलाइन अपलोड की गई थी, जिसने राष्ट्रीय स्तर पर निर्णायकों का ध्यान आकर्षित किया।
●सुहानी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से न केवल उनका परिवार, बल्कि पूरा जनपद गौरवान्वित महसूस कर रहा है। गाँव में बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है और हर कोई इस बेटी की सफलता पर गर्व जता रहा है। इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में आगामी 3 फरवरी को दिघवट गाँव में एक विशेष सम्मान

●समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान रामसूरत राजभर, पूर्व प्रधान महेंद्र राजभर, अधिवक्ता नवीन जायसवाल, जोखू राजभर, काली राजभर, श्रवण राजभर, हरिदास राजभर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहेंगे।
सुहानी राजभर की यह सफलता ग्रामीण प्रतिभाओं की उड़ान और बेटियों की शक्ति का सशक्त उदाहरण है।
