[smartslider3 slider="2"]

सकलडीहा में ब्लॉक मार्ग पर बह रहा सीवर, प्रदर्शन; किसान नेता पिंटू पाल ने दी आंदोलन की चेतावनी

Connect With Social Media

चंदौली जिले के सकलडीहा क्षेत्र में ब्लॉक मार्ग पर सीवर का पानी बहने से स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। मंगलवार को किसान नेता पिंटू पाल के नेतृत्व में ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि सड़क निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा है। ठेकेदार द्वारा सड़क की खुदाई के बाद काम बीच में ही छोड़ दिया गया, जबकि पहले से बनी नालियों को भी तोड़ दिया गया। इसके चलते सीवर का पानी सीधे सड़क पर बह रहा है, जिससे हालात बदतर हो गए हैं।
सड़क पर फैले गंदे पानी और कीचड़ के कारण राहगीरों, खासकर छात्र-छात्राओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पानी भरे गड्ढे दिखाई न देने से आए दिन लोग फिसलकर घायल हो रहे हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है।
यह मार्ग विकास खंड कार्यालय, तहसील, डायट, राजकीय बीज गोदाम और कोतवाली को जोड़ने वाला मुख्य रास्ता है। इसी रास्ते पर पीजी कॉलेज, इंटर कॉलेज सहित कई विद्यालय और निजी कॉन्वेंट स्कूल स्थित हैं, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं आवागमन करते हैं।
किसान नेता पिंटू पाल ने कहा कि स्थानीय लोगों की शिकायतों को नजरअंदाज किया जा रहा है, जिसके चलते उन्हें प्रदर्शन के लिए मजबूर होना पड़ा। उन्होंने मांग की कि कार्यदायी संस्था तत्काल सड़क और नाली निर्माण कार्य शुरू कराए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान राहुल, सुरेश, राहू, अमित, प्रभात सहित कई किसान नेता और ग्रामीण मौजूद रहे। वहीं, पीडब्ल्यूडी के अवर अभियंता सुदामा यादव से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।

Leave a Comment

error: Content is protected !!