
चंदौली। जनपद के बुद्धपुर गांव में शराब ठेके के पास सार्वजनिक रूप से शराब सेवन किए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेके के बाहर ही ग्राहकों को बैठाकर खुलेआम शराब पिलाई जा रही है, जिससे क्षेत्र का माहौल बिगड़ रहा है।
बताया जा रहा है कि यह ठेका धानापुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दुकान के आसपास दिनभर शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है। कई बार राहगीरों, महिलाओं और स्कूली बच्चों को असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है।
नियमों के अनुसार सार्वजनिक स्थानों, शराब की दुकानों के बाहर, पार्किंग स्थलों और सड़क किनारे शराब पीना प्रतिबंधित है। इसके बावजूद खुलेआम नियमों की अनदेखी की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि इससे कभी भी कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ सकती है।
इस संबंध में धानापुर थाना अध्यक्ष त्रिवेणी लाल सेन ने बताया कि उन्हें मामले की सूचना मिली है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पुलिस टीम भेजकर जांच कराई जाएगी और यदि नियमों का उल्लंघन पाया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ठेके के बाहर शराब पीने पर तत्काल रोक लगाई जाए और क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।