[smartslider3 slider="2"]

डीडीयू जंक्शन पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, होली पर यात्रियों के लिए विशेष अभियान

Connect With Social Media

मुगलसराय पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन (डीडीयू/मुगलसराय) पर होली पर्व को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सख्त कर दी गई है। यात्रियों की बढ़ती भीड़ और संभावित अव्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए जीआरपी और आरपीएफ ने संयुक्त रूप से व्यापक जागरूकता एवं सुरक्षा अभियान शुरू किया है। सोमवार को स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म और ट्रेनों के अंदर विशेष चेकिंग और जनजागरूकता कार्यक्रम चलाया गया।
आरपीएफ प्रभारी प्रदीप रावत के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान यात्रियों को यात्रा के दौरान सतर्क रहने, अपने सामान की सुरक्षा करने और संदिग्ध व्यक्तियों से सावधान रहने की सलाह दी गई। अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति से खाने-पीने की वस्तु न लें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना रेलवे पुलिस को दें।
प्रदीप रावत ने बताया कि होली के दौरान डीडीयू जंक्शन देश के सबसे व्यस्त रेलवे स्टेशनों में से एक बन जाता है, जहां यात्रियों की संख्या में अचानक वृद्धि हो जाती है। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियों द्वारा प्लेटफॉर्म, फुटओवर ब्रिज, टिकट काउंटर और ट्रेनों में लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना को समय रहते रोका जा सके।
उन्होंने यह भी बताया कि ट्रेनों के प्लेटफॉर्म पर पहुंचते ही यात्रियों की सुरक्षित चढ़ाई और उतराई सुनिश्चित की जा रही है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। वहीं, संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान के लिए सघन चेकिंग अभियान भी चलाया जा रहा है।
महिला यात्रियों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। आरपीएफ की ‘मेरी सहेली’ टीम पूरी तरह सक्रिय है, जो महिला यात्रियों और बुजुर्गों को सुरक्षित सीट उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनकी यात्रा को सहज और सुरक्षित बनाने में मदद कर रही है। इस टीम को 24 घंटे अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी महिला यात्री को परेशानी होने पर तुरंत सहायता मिल सके।


अभियान के दौरान यात्रियों को जेबकटी और जहरखुरानी जैसी घटनाओं से बचाव के उपाय भी बताए गए। अधिकारियों ने बताया कि त्योहारों के समय इस तरह की घटनाओं में बढ़ोतरी देखी जाती है, इसलिए यात्रियों का जागरूक रहना बेहद जरूरी है। इसके साथ ही, सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी भी स्टेशन परिसर में तैनात किए गए हैं, जो संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं।
रेलवे प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि होली के अवसर पर हर यात्री सुरक्षित, सुविधाजनक और सुखद यात्रा का अनुभव कर सके। इसके लिए जीआरपी और आरपीएफ लगातार समन्वय बनाकर काम कर रहे हैं और हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

Leave a Comment

error: Content is protected !!