
चंदौली जनपद के सकलडीहा क्षेत्र में गोहदा–पांडुकपुर मार्ग पर लेहरा–मनिहार ड्रेन की पुलिया का निर्माण पिछले एक वर्ष से अधूरा पड़ा है। निर्माण कार्य में लापरवाही के चलते ड्रेन का पानी रोक दिया गया, जिससे आसपास के दर्जनों गांवों की सैकड़ों बीघा गेहूं की फसल जलमग्न हो गई है। इससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, जर्जर हो चुकी पुरानी पुलिया के स्थान पर नई पुलिया निर्माण के लिए बंधी डिवीजन द्वारा टेंडर जारी कर कार्य शुरू कराया गया था, लेकिन एक साल बीत जाने के बाद भी निर्माण पूरा नहीं हो सका। अधूरे निर्माण के कारण जल निकासी बाधित हो गई है, जिससे खेतों में पानी भर गया है और फसलें बर्बादी के कगार पर पहुंच गई हैं।

सोमवार को बड़ी संख्या में प्रभावित किसान मौके पर इकट्ठा हुए और बंधी डिवीजन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। किसानों का कहना है कि यदि जल्द ही पानी की निकासी नहीं कराई गई तो उनकी पूरी फसल नष्ट हो जाएगी।
सूचना मिलने पर जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि रमेश राम मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर नाराजगी जताई, लेकिन कोई भी जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
इस मामले में कुंदन राज कपूर (एसडीएम) ने कहा कि प्रकरण की जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।