[smartslider3 slider="2"]

“काम नहीं हुआ तो होगा बड़ा आंदोलन” — सपा विधायक की सख्त चेतावनी

Connect With Social Media

सकलडीहा (चन्दौली):
सोमवार को सकलडीहा तहसील सभागार में जनहित से जुड़ी समस्याओं को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सपा विधायक प्रभुनारायण यादव ने की, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
यह बैठक उस ज्ञापन के संदर्भ में बुलाई गई थी, जो विधायक ने एक माह पूर्व एसडीएम कुन्दन राज कपूर को सौंपा था। विधायक ने स्पष्ट कहा कि उन्होंने एक महीने बाद कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए पुनः तहसील आने का निर्णय लिया था, लेकिन अधिकांश कार्य अब भी अधूरे हैं।
बैठक में बिजली, सिंचाई, जल निगम, विपणन और पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में विधायक ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि अगर जल्द कार्य पूरे नहीं किए गए तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
उन्होंने जल जीवन मिशन में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। विधायक के अनुसार, गांवों में पाइपलाइन बिछाने के नाम पर सड़कों को खोद दिया गया, जबकि अधिकारियों द्वारा 90 प्रतिशत गांवों में जलापूर्ति की रिपोर्ट शासन को भेजी जा रही है, जो जमीनी हकीकत से मेल नहीं खाती।
इसके अलावा नहरों और राजवाहों की सिल्ट सफाई में भी अनियमितताओं की बात सामने आई। कई स्थानों पर अधूरा कार्य कर भुगतान निकालने के आरोप लगाए गए।
विधायक ने यह भी बताया कि सकलडीहा कस्बे में जल निगम की मोटर पिछले 10 दिनों से खराब पड़ी थी, जिससे लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ा। धरना प्रदर्शन के बाद ही मोटर ठीक कराई गई।
धान खरीद प्रक्रिया में भी गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि एआर कॉपरेटिव के ड्राइवर समेत करीब 25 निजी लोगों को केंद्र प्रभारी बना दिया गया, जो शासनादेश के विरुद्ध है।


सड़क चौड़ीकरण और निर्माण से प्रभावित मार्गों—चन्दौली-सैदपुर वाया सकलडीहा तथा मुगलसराय-चहनिया वाया भोपौली—के मकान व जमीन मालिकों को जल्द मुआवजा दिलाने का निर्देश भी दिया गया। साथ ही कस्था क्षेत्र में बंदरों की समस्या और सड़क किनारे झाड़ियों की सफाई कराने की बात कही गई।
विधायक ने अंत में चेतावनी दी कि यदि जनहित की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ, तो तहसील परिसर में व्यापक धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
बैठक में तहसीलदार संदीप श्रीवास्तव, कोतवाल भूपेंद्र कुमार निषाद, विपणन प्रभारी विजय गुप्ता, पीडब्ल्यूडी एसडीओ शैलेन्द्र, विद्युत एसडीओ सियाराम यादव सहित अन्य अधिकारी, सपा नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Comment

error: Content is protected !!