

मुग़लसराय(चंदौली)। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सहजौर गांव स्थित रिंग रोड पर शनिवार देर रात करीब साढ़े 10 बजे बाइक चलाने को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद फायरिंग की घटना हो गई। गोली लगने से चार युवक घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रिंग रोड पर मोटरसाइकिल चलाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते उग्र हो गया। इसी दौरान एक पक्ष के युवक ने असलहा निकालकर दूसरे पक्ष पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से चार युवक घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल ट्रामा सेंटर भिजवाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घायल युवकों की पहचान
घायलों की पहचान इस प्रकार हुई है—
कृष्णा यादव (25) निवासी गोहदा, थाना सकलडीहा
सोनू यादव (24) निवासी छेमिया, थाना मुगलसराय
गोलू यादव उर्फ राजकुमार (25) निवासी पुरवा, थाना बबुरी
अक्षय सिंह (26) निवासी चकिया,चंदौली
बताया जा रहा है कि छेमिया निवासी सोनू यादव के पेट में गोली लगी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि अन्य तीन युवक खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।

पुलिस अधीक्षक ने किया निरीक्षण
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक आदित्य लांघे मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। क्षेत्र में कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। पुलिस टीम मामले की गहन जांच में जुटी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
फिलहाल क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस सतर्क है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार गश्त की जा रही है।

पीडीडीयू नगर के सीओ अरुण सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में रुपए के लेनदेन का विवाद ही घटना का मुख्य कारण सामने आया है। पुलिस की कई टीमें फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं। मुगलसराय कोतवाली के छेमिया गांव में सीओ सहित कई थानों की फोर्स तैनात की गई है।इस वारदात के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।