
चकिया । शहाबगंज विकासखंड के इलिया ग्राम पंचायत भवन पर शुक्रवार को मतदाता सूची में एस आई आर के तहत संशोधन एवं नए नाम जोड़ने के लिए विशेष कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में क्षेत्र के ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपने नाम जोड़ने, नाम संशोधन, पता सुधार व अन्य त्रुटियों को ठीक कराया। सुबह से ही ग्राम पंचायत भवन पर लोगों की भीड़ जुटने लगी। खासकर युवा मतदाता, महिलाएं और पहली बार वोटर बनने वाले युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। बीएलओ एवं संबंधित कर्मचारियों ने लोगों को प्रक्रिया की जानकारी देते हुए आवश्यक दस्तावेजों की जांच कर आवेदन स्वीकार किए।
कैंप के दौरान जिन मतदाताओं के नाम सूची में नहीं थे, उनके नए नाम जोड़ने की कार्रवाई की गई। वहीं मृतक मतदाताओं के नाम हटाने तथा गलत प्रविष्टियों को दुरुस्त करने का कार्य भी किया गया। अधिकारियों ने बताया कि SIR अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाना है, ताकि किसी भी पात्र नागरिक का नाम छूटने न पाए।
कैंप में मौजूद अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे समय रहते अपने नाम की जांच कर आवश्यक सुधार अवश्य करा लें।
ग्रामीण राजकुमार गुप्ता, अजय कुमार, सत्यम बाबा, ओमप्रकाश दास सहित तमाम लोगों ने ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि गांव स्तर पर कैंप लगने से उन्हें काफी सहूलियत मिली है।
