[smartslider3 slider="2"]

मुगलसराय में पुलिस की सख्ती:25 हजार की अवैध अंग्रेजी शराब के साथ युवक गिरफ्तार

Connect With Social Media

चन्दौली। जनपद में अवैध शराब के कारोबार पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मुगलसराय पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने 13.950 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया। बरामदगी के आधार पर आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक चन्दौली आदित्य लांग्हे के निर्देश पर जनपद भर में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनंत चन्द्रशेखर (आईपीएस) एवं क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना मुगलसराय पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने गंजी प्रसाद तिराहा के पास घेराबंदी कर एक संदिग्ध युवक को रोका। पूछताछ में उसकी पहचान कृष्णा यादव (32) पुत्र श्यामजीत यादव निवासी ग्राम डिहवा, थाना अलीनगर, जनपद चन्दौली के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद काले रंग के पिट्ठू बैग एवं बोरे से 100 पाइपर और सिग्नेचर कंपनी की कुल 13.950 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। पुलिस ने मौके से ही युवक को गिरफ्तार कर लिया।

इस संबंध में थाना मुगलसराय पर मु0अ0सं0 87/2026 धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह, उप निरीक्षक अजय कुमार, चौकी प्रभारी रेलवे कॉलोनी हेड कांस्टेबल सुरेन्द्र कुमार शामिल रहे।

पुलिस का कहना है कि जनपद में अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Comment

error: Content is protected !!