[smartslider3 slider="2"]

मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत जनपद भर में जागरूकता कार्यक्रम

Connect With Social Media

चंदौली। उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जनपद चंदौली में मिशन शक्ति (फेज-5.0) के अंतर्गत व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
पुलिस अधीक्षक चंदौली आदित्य लांग्हे के निर्देशन में जनपद के समस्त थानों की पुलिस टीमों द्वारा बाजारों, कस्बों, ग्रामीण क्षेत्रों एवं अत्यधिक भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान एंटी रोमियो टीमों ने महिलाओं और बालिकाओं से संवाद स्थापित कर उन्हें उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।


अभियान के दौरान महिलाओं से संबंधित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, वन स्टॉप सेंटर योजना, 181 महिला हेल्पलाइन, निराश्रित महिला पेंशन योजना, महिला शरणालय, शक्ति सदन एवं सखी निवास आदि के बारे में विस्तार से बताया गया।
इसके साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं को संरक्षण प्रदान करने वाले प्रमुख कानूनों के विषय में भी जानकारी दी गई। इनमें घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम, 2005, कार्यस्थल पर महिलाओं का लैंगिक उत्पीड़न अधिनियम, 2013, दहेज निषेध अधिनियम, 1961 तथा गर्भधारण पूर्व और प्रसवपूर्व निदान तकनीक अधिनियम, 1994 के महत्वपूर्ण प्रावधानों से अवगत कराया गया।


पुलिस अधिकारियों ने बताया कि थाना स्तर पर स्थापित मिशन शक्ति केंद्रों के माध्यम से महिलाओं को त्वरित सहायता, परामर्श एवं आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना, उन्हें कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा सुरक्षित सामाजिक वातावरण का निर्माण करना है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मिशन शक्ति के तहत यह अभियान निरंतर जारी रहेगा, जिससे जनपद की महिलाओं और बालिकाओं को सशक्त एवं सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराया जा सके।

Leave a Comment

error: Content is protected !!