
चकिया । ब्लॉक संसाधन केंद्र चकिया में कार्यक्रमों के संचालन और ड्यूटी आवंटन को लेकर शिक्षकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। आरोप है कि हाल के दिनों में कुछ पदाधिकारी बिना किसी आधिकारिक आदेश के बीआरसी पहुंचकर मंच संचालन से लेकर व्यवस्थापन तक की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। इससे अन्य शिक्षक संगठनों में असंतोष व्याप्त है।
शिक्षकों का कहना है कि हाल ही में आयोजित ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम “हमारा आंगन हमारे बच्चे” में केवल निर्धारित विद्यालयों को आमंत्रित किया गया था, बावजूद इसके कुछ अन्य विद्यालयों के शिक्षक भी कार्यक्रम में सक्रिय भूमिका में नजर आए। इसी तरह एक्सपोजर विजिट टूर में ड्यूटी को लेकर भी पक्षपात के आरोप लगाए जा रहे हैं। आरोप है कि एक विशेष संगठन से जुड़े शिक्षकों को प्राथमिकता दी जा रही है, जबकि अन्य शिक्षक विद्यालयों में नियमित रूप से उपस्थित रहकर शिक्षण कार्य कर रहे हैं। मामले को लेकर आम शिक्षकों में रोष देखा जा रहा है।
शिक्षकों ने खंड शिक्षाधिकारी से निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है, ताकि शिक्षा व्यवस्था प्रभावित न हो और भविष्य में पारदर्शिता बनी रहे।