
चकिया(चंदौली) । उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा क्षेत्र के विभिन्न केंद्रों पर बुधवार को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुई। प्रशासनिक सतर्कता और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दोनों पालियों की परीक्षा सकुशल कराई गई।
सुबह की प्रथम पाली में हाईस्कूल विज्ञान वर्ग के छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी, जबकि द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट रसायन विज्ञान के परीक्षार्थी शामिल हुए। परीक्षा केंद्रों पर समय से पहले ही छात्र-छात्राओं की भीड़ देखी गई। प्रवेश द्वार पर सघन जांच के बाद ही परीक्षार्थियों को केंद्र में प्रवेश दिया गया।
क्षेत्र के किसान इंटर कॉलेज सैदूपुर, दुर्गावती बालिका इंटर कॉलेज, मंगल विद्या मंदिर इंटर कॉलेज इलिया, भोलानाथ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ओलीपुर, बद्रीनारायण इंटर कॉलेज बेलावर तथा रामकृष्ण इंटर कॉलेज तियरी सहित सभी निर्धारित केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। विद्यालय प्रशासन एवं कक्ष निरीक्षकों द्वारा नकलविहीन परीक्षा सुनिश्चित कराने के लिए पूरी सतर्कता बरती गई।
केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों की सक्रिय निगरानी भी रही। सीसीटीवी कैमरों से परीक्षा कक्षों की निगरानी की गई, जिससे परीक्षा व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रही।
गौरतलब है कि 18 फरवरी से प्रारंभ हुई बोर्ड परीक्षा अब तक शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो रही है। शेष परीक्षाओं को भी निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।