
बबुरी चंदौली । बुधवार को कस्बे में एक भव्य नि:शुल्क मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचे। सुबह से ही पंजीकरण काउंटर पर लोगों की भीड़ देखी गई। कैंप में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श और दवाइयां निःशुल्क उपलब्ध कराईं।
कैंप के दौरान सामान्य रोग, शुगर, ब्लड प्रेशर, आंख, कान, गला और अन्य बीमारियों की जांच की गई। विशेष रूप से श्रवण समस्या से जूझ रहे मरीजों की जांच कर दर्जनों लोगों को निःशुल्क कान की मशीन (हियरिंग एड) वितरित की गई। कान की मशीन पाकर बुजुर्गों और जरूरतमंदों के चेहरे खिल उठे। कई लाभार्थियों ने बताया कि आर्थिक तंगी के कारण वे लंबे समय से मशीन नहीं खरीद पा रहे थे, जिससे उन्हें दैनिक जीवन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।
कार्यक्रम के दौरान समाजसेवी महेंद्र सेठ ने कहा कि जरूरतमंदों की सेवा करना ही सच्ची मानव सेवा है। उन्होंने बताया कि इस तरह के फ्री मेडिकल कैंप का आयोजन समय-समय पर किया जाता रहेगा, ताकि गरीब और असहाय मरीजों को इलाज के लिए दर-दर भटकना न पड़े और उन्हें अपने ही क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
कैंप के सफल संचालन में गगन सिंह, रवि पाठक, सोमारु मौर्य, वीरेंद्र पासवान, मटरू गुप्ता शामिल रहे।