
चंदौली।जनपद के मुगलसराय थाना क्षेत्र में स्थित एक कोयला डिपो में देर रात चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। महाबलपुर स्थित माल डिपो पर बीती रात लगभग 3 बजे 15 से 20 की संख्या में पहुंचे लोगों ने अवैध हथियारों के बल पर कोयला चोरी कर लिया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
इस संबंध में कैलाशपुरी निवासी चंद्रभान प्रजापति एवं महाबलपुर निवासी ऐनुलहोदा ने थाना प्रभारी को तहरीर देकर आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
प्रार्थना पत्र के अनुसार घटना में महाबलपुर निवासी प्रभा सोनकर, सतीश राम, पीयूष राम, पल्टू सोनकर, चंदन सोनकर, संतोष सोनकर और बबलू सोनकर सहित अन्य लोग शामिल थे। बताया गया है कि सतीश राम और पीयूष राम आपस में सगे भाई हैं।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर 7 नामजद तथा आठ अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध चोरी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
नंबर प्लेट बदलकर करते थे अवैध कारोबार
तहरीर में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपियों के घरों से चार अलग-अलग वाहनों की नंबर प्लेटें बरामद हुई हैं —
MP 66 H 1215, UP-65 LT-6898, UP-64 BT-6299, UP-65 AZ-7279।
आरोप है कि चोरी किए गए कोयले की खरीद-बिक्री के दौरान वाहनों की पहचान छिपाने के लिए नंबर प्लेट बदलकर इस्तेमाल किया जाता था। इससे संगठित तरीके से अवैध कारोबार किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस जांच जारी, गिरफ्तारी शेष
मुगलसराय कोतवाल संतोष सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और जल्द ही गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि चोरी के पीछे कोई बड़ा गिरोह तो सक्रिय नहीं है।