
सकलडीहा/चंदौली।क्षेत्र के धरहरा गांव में वर्षों से जर्जर पड़े संपर्क मार्ग का अब कायाकल्प होने जा रहा है। करीब 20 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क के निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। समाज कल्याण निदेशक ने जिलाधिकारी को प्रस्ताव भेजकर निर्धारित प्रारूप पर एस्टीमेट तैयार कराने के निर्देश दिए हैं।
यह संपर्क मार्ग सकलडीहा-डेढ़ावल मुख्य मार्ग से अनुसूचित जाति बस्ती को जोड़ता है। बरसात के दिनों में सड़क की हालत अत्यंत खराब हो जाती थी, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। कीचड़ और जलभराव के कारण बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को विशेष परेशानी झेलनी पड़ती थी। लंबे समय से ग्रामीण इस मार्ग के निर्माण की मांग कर रहे थे।
ग्राम प्रधान पति अमित सिंह ने समाज कल्याण निदेशक संजीव सिंह से मुलाकात कर सड़क निर्माण का अनुरोध किया था। ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह ने भी निदेशक से वार्ता कर परियोजना को शीघ्र स्वीकृति देने का आग्रह किया। इसके बाद निदेशक ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर 20 लाख रुपये का एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए।
इस सड़क निर्माण कार्य के लिए यूपी सिडको को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है। प्रस्ताव स्वीकृत होते ही निर्माण कार्य प्रारंभ होने की उम्मीद है।
ग्राम प्रधान श्वेता सिंह ने बताया कि सड़क बनने से अनुसूचित जाति बस्ती के लोगों को आवागमन में काफी राहत मिलेगी और गांव के विकास को नई गति मिलेगी। ग्रामीणों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए जनप्रतिनिधियों का आभार जताया है।