
चहनियां। बलुआ थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण और सकुशल ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार देर शाम थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नवागत थाना प्रभारी अरुण कुमार सिंह ने की।

बैठक के दौरान थाना प्रभारी अरुण कुमार सिंह ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों से होली के पावन पर्व को आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी या नंबर प्लेट छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नशे की हालत में वाहन चलाते पकड़े जाने पर कड़ी कार्रवाई और जुर्माना लगाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि अपराध छोटा हो या बड़ा, किसी को बख्शा नहीं जाएगा।

वहीं वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनन्त भार्गव ने चेतावनी देते हुए कहा कि होली के दौरान हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति को जेल भी भेजा जा सकता है।
बैठक में चौकी प्रभारी मारूफपुर अमित सिंह, कैलावर चौकी प्रभारी राजेश सिंह, मोहरगंज चौकी प्रभारी सुभाष गौतम, एसआई विनोद सिंह, प्रदीप यादव सहित क्षेत्र के कई प्रधान और गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अजय कुमार सिंह ने किया।
पुलिस प्रशासन ने सभी से अपील की कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि होली का पर्व हर्षोल्लास और सुरक्षित माहौल में मनाया जाय।